यह ब्लॉग खोजें

मंगलवार, 23 अप्रैल 2013

मेरे हाथ !

मेरे हाथ !

तानाशाह मुझे रौंदने की जुर्रत मत करना 
दो हाथों के अलावा उग आये हैं 
मेरे और कई हाथ 

मेरे हाथों में आज कलम है, तलवार है 
तराजू है, ताबूत की कुछ कीलें 
हम मुग़ल नहीं, तलवारों वाले बौद्ध हैं 

हम अहिंसा का मतलब समझ गए हैं 
पकड़ ली गई है तुम्हारी साजिस 

अगली बरसात से पहले 
बरसेंगे हमारे हाथ 
मशाल की तरह जलेंगी हमारी भुजाएं 
खेत, खलिहान, गलियों में 
जब वे फैले होंगे 
एक सूरज का गला पकड़ बाहर खींच लायेंगे

हम एक सामानांतर सूर्य चाहते हैं 
वह सूर्य जिसे तुम्हारे मुकुट ने गन्दा कर दिया है 

हम अगली साँस तब लेंगे 
जब टूट जाएगा तुम्हारा भ्रम तुम बहुत बड़े हो
हम जनेऊ की गाँठ खोलने आये हैं 
आसमान से बहुत ऊँची चोटी पर तांडव करने 

जब टूट जायेगी ये चट्टानें 
और तुम उन चट्टानों में दफ्न हो जाओगे 
हम जश्न नहीं मनाएंगे 
हम तुम्हारी अस्थियों का चूरमा बनायेंगे 

हम अपनी हार का बदला लेंगे 
रक्त प्लावित मेरा चेहरा बस तुम्हें देखना चाहता है 
हमें ठीक हो जाना है अपनी कमजोरियां ठीक करते हुए 
मेरी संकल्पधर्मा आँखें मुटभेड का सपना देख रहीं हैं 

क्या हमारी हंसियों की धार में तुम्हारी गर्दन नहीं समां सकती
क्या तुम्हारे जूते हमारे पांवों में नहीं आ सकते 

मेरा प्यार तुम्हारी दीवारों में दफ्न है
उस दीवार के कोने में जहाँ तुम सोते हो 
मेरी रखैल मेरा इन्तजार कर रही है

क्या तुम मेरी आँखों में भरी हुई लाली देख रहे हो 
क्या तुम्हें खुद पर तरस आ रहा है 

आओ देखो मेरे हाथ 
जो हजारो हाथों में बदल गए हैं 

डॉ. कर्मानंद आर्य

शुक्रवार, 19 अप्रैल 2013

जेल की खिड़कियाँ




यह घर की कोठरी नहीं है 
जेल की खिड़कियाँ हैं भद्दी और खुरदरी 

लोहे की हंसुलियाँ 
रेत रही हैं गला 

अधेड़ उम्र की बंदिनी 
अपनी कमीजें फाड़ रही है 
नाखूनों और दांतों के जरिये 

खून की कुछ बूंदें धरती तक पहुँच रही हैं 
बांस के तने पर लगा हुआ खून 
टपक रहा है धीरे-धीरे 

घुटनों की रोसनाई 
अंगूठों तक पहुँच गई है 

स्मृतियों में एक बल्ब बुझ गया है 
सियाह रात देखकर 

अब आदत हो गई है 
लहू से लथपथ देहें खास नहीं लगती हैं उसे 
बस लिजलिजापन महसूस होता है 

अभी उसकी स्मृतियों में है दादी वाला चाँद 
कितकित वाली गिट्टी
पने वाली रोटियां 

वह अपराधी नहीं है 
उसने अपराध स्वीकार कर लिया है 

जब उसके हाथ सयाने हो जायेंगे 
ये खिड़कियाँ अचानक टूट जायेंगी 

भरभरा कर गिर पड़ेगी इंटें 
सुर्खी-चूना अपने आप अलग हो जायेगा 

जब कमीजें फट जायेगी 
सच सामने आ जायेगा
जगह-जगह घायल देह की किरचें 
नंगी आँखों में छुप जाएगी 

उसे पुलिस की देहें भी याद नहीं रहेंगी 
अंधे जज की बातें भी 

अँधेरे में खुलने वाली खिड़कियाँ
उसे दीवारों से बाहर फ़ेंक देंगी 
अचानक उसका चेहरा लाल से पीला पड जाएगा 

वह महसूस करेगी
जेल की दीवारें बूढी हो गई हैं 
बहुत बूढी ...........................

डॉ.कर्मानंद आर्य

सोमवार, 1 अप्रैल 2013

सोनी सोढ़ी के लिए



दो युवतियाँ बिना निशान छोड़े गायब हो गईं हैं 
जैसे कश्मीर से गायब हो जाती थीं पहले भेड़ें 

आक्रोश बढ़ रहा है अपनी बेटियों की हिफाजत के लिए
हम तरीके खोज रहे हैं

हमारी बेटियां हमारी विरासत हैं
हमें अच्छा लगता है जंगल का कानून
जो जंगल की हिफाजत के लिए है

जंगल में हथियार बंद सिपाही बढ़ते जा रहे हैं
हर बार उन्हें लगता है हम गलत हैं
हम पराजित हो जायेंगे

हम पराजित हो जायेंगे, ख़त्म हो जाएगा हमारा खेल
उन्हें लगता है हमारा हौसला टूट रहा है
हमारी टुकड़ियों के पास खाने का पैकेट और पानी नहीं है

हमारी हिफाजत के लिए हत्या का हथियार लिए वे घूम रहे हैं
सबसे चिकनी खालों वाले बिल्ले

एक दिन टूटेगा उनका गुमान
जब हमारा खून गवाही देगा
हम भी लड़ रहे हैं अपने वाजिब हकों के लिए

ग्रेहाउंड, कोब्रा, स्कोर्पियन सिपाहियों से मिलती जुलती
उन शिकारियों की शक्लें जिनके हाथों में संगीने हैं
कभी-कभी बहुत निर्दोष लगते हैं

लगता है हममें और उनमें बहुत फर्क नहीं
वे हम लोगों की तरह गरीब और सताए हुए लोग हैं

वे मजलूम और सताए किसान के बेटे हैं
उनका जज्बा यहाँ आकर टूट जाता है
जब वे मेरी तरह जिन्दगी से ठान लेते हैं

वे जेल के अहाते में सजा पाए दो कैदी हैं
जो अन्याय के विराट तंत्र से लड़ रहे हैं

हम मारे जाएँ या वे
अंततः नुकसान तो गरीब का है

हम भी शान्ति चाहते हैं
ऐसा जब भी होने वाला होता है
अचानक एक कमजोर पुल टूट जाता है

डॉ.कर्मानंद आर्य

शुक्रवार, 29 मार्च 2013

घायल देश के सिपाही




घायल देश के सिपाही

(इरोम शर्मिला के लिए : जिसने मृत्यु का मतलब जान लिया है)

लड़ रही हूँ की लोगों ने लड़ना बंद कर दिया है
एक सादे समझौते के खिलाफ
कि “क्या फर्क पड़ता है”
मेरी आवाज तेज और बुलंद हुई है इन दिनों
घोड़े की टाप से भी खतरनाक

मुझे जिन्दगी से बहुत प्यार है
मैं मृत्यु की कीमत जानती हूँ
इसलिए लड़ रही हूँ

लड़ रही हूँ की बहुत चालाक है घायल शिकारी
मेरे बच्चों के मुख में मेरा स्तन है
लड़ रही हूँ जब मुझे चारो तरफ से घेर लिया गया है
शिकारी को चाहिए मेरे दांत, मेरे नाख़ून, मेरी अस्थियाँ
मेरे परंपरागत धनुष-बाण
बाजार में सबकी कीमत तय है
मेरी बारूदी मिट्टी भी बेच दी गई है

मुझे मेरे देश में निर्वासन की सजा दी गई है
मैं वतन की तलाश कर रही हूँ

जब मैं फरियाद लिए दिल्ली की सड़को पर घूमती हूँ  
तो हमसे पूछा जाता है हमारा देश
और फिर मान लिया जाता है की हम उनकी पहुँच के भीतर हैं
वो जहाँ चाहें झंडें गाड़ दे  

हमारी हरी देहों का दोहन
शिकारी को बहुत लुभाता है
कुछ कामुक पुरुषों को दिखती नहीं हमारी टूटी हुई अस्थियाँ
सेना के टापों से हमारी नींद टूट जाती है
उन्होंने हमें रण्डी मान लिया है

उन्हें हमारे कृत्यों से घृणा नहीं होती है
उन्हें भाता है हमारा लिजलिजापन
वह कम प्रतिक्रिया देता है
सोचता है मैं हार जाउंगी

घायल शिकारिओं आओ देखो मेरा उन्नत वक्ष
तुम्हारे हौसले से भी ऊँचा और कठोर
तुम मेरा स्तन पीना चाहते थे न
आओ देखो मेरा खून कितना नमकीन और जहरीला है

आओ देखो राख को गर्म रखने वाली रात मेरे भीतर जिन्दा है
आओ देखो ब्रह्मपुत्र कैसे हंसती है
आओ देखो वितस्ता कैसे मेरी रखवाली करती है
देखो हमारे दर्रे से बहने वाली रोसनाई
कितनी लाल और मादक है

क्या सोचते हो मेरा पुनर्जन्म नहीं होगा
मैं अपनी पीढ़ियों में कायम हूँ
मैं इरोम हूँ इरोम
इरोम शर्मिला चानू


शनिवार, 16 मार्च 2013

डरो नहीं ! मेरी कविता तुम्हारे खिलाफ नहीं है


डरो नहीं ! मेरी कविता तुम्हारे खिलाफ नहीं है


आवेश में अक्सर धमकियों भरे ख़त हम भी लिखते हैं
किसी आतंकवादी समूह की तरह नहीं 
मिट्टी में बंद बारूदी सुरंग की तरह 

जिन्दगी की जंग लड़ते-लड़ते बंद मुट्ठी में भीगे हुए ख़त अचानक स्याह हो जाते हैं 
उस दोराहे पर जहाँ पहलवानछाप बीड़ी का धुवां मेरी धमनियों में फैल जाता है
और मुझे सांस लेने में दिक्कत होती है

मैं कहता हूँ डाक्टर मुझे दिक्कत हो रही है 
तुम कहते हो सब ठीक हो जाएगा 

जहाँ मेरे बच्चे को खून की उल्टियाँ होती हैं 
और मेरी मासूम बेटी किसी गुमनाम सिपाही की माँ बनती है
तुम कहते हो सब ठीक हो जाएगा 

जब मैंने हथियार उठाया तब मेरी उम्र बहुत छोटी थी 
अक्सर हमें बताया जाता था हमने बहुत दुःख झेला है 
अपनी जमीन से बेघर होने से पहले हम सुखी थे 

बीच-बीच में तुम्हारे मध्यस्थ आते रहे हैं 
पर उन्होंने समझौते के बदले हमें दुबारा बिखेर दिया 

जिस कलम ने हमारे विकास का सपना लिखा था 
समय के साथ उसकी स्याही सूख गई 
हमारे लिए लिखवाए गए विकास सेना की बंदूकों में कैद हो गए 

क्या आप जानते हो जब अस्मिता की जमीन कोई छीन ले 
तब हथियार ही हमारी पहली फसल हो जाता है 

जब हमारे अधिकार छीन लिए गए और हमें कहा गया तुम हाशिए के लिए पैदा हुए हो 
तब हमें बिलकुल भी अच्छा नहीं लगा 
हमें लगा जहाँ न्याय ख़त्म हो जाए वहाँ न्याय के लिए लड़ना भी पड़ता है 

हमने हथियार उठा लिए हैं 
डरो नहीं हम तुम्हारे खिलाफ नहीं हैं यदि तुम हमारे खिलाफ नहीं हो 
डॉ. कर्मानंद आर्य, १७/०३/१३ पटना

सोमवार, 11 मार्च 2013

मित्रो यह मेरी पहली व्यंग्य रचना है आप इसे हलके में न लें. पढ़े और अपनी प्रतिक्रिया से परिचित कराएँ. डॉ कर्मानंद आर्य 

मेरे मरने के बाद

आज मुझे धूमिल बहुत याद आ रहे हैं. वे समाज से बहुत निराश थे. वैसे अधिकतर कवि लेखक अपने समय से निराश ही होते हैं. आप पूरा हिंदी साहित्य का पारायण करके देख सकते हैं. असलियत खुदबखुद पता चल जायेगी. निराशा उनकी कविता का मूल विषय भले ही न हो पर उन्हें मरने की पूरी प्रक्रिया पता थी. इन्हें कहते है ज्ञानी पुरुष. वैसे तो मैं एक आम आदमी हूँ और पद प्रतिष्ठा के साथ मरना चाहता हूँ. मरने वाले के लिए पद प्रतिष्ठा बड़ी चीज नहीं होती है पर मेरा मामला थोड़ा सा अलग है. ऐसा करने के लिए हिन्दू शास्त्रों में कई पुराण लिखे गए हैं. आप सोचेंगे अजीब बेचारा है.अपनी बात की पुष्टि के लिए कहाँ-तक जाने को तैयार है. कुछ नहीं तो वेद-पुराण की बात तो बोल ही दो सब मान जायेंगे कोई देखने थोड़े ही जा रहा है. चाहे मुझे सेज पर रखी संस्कृत का एक हर्फ़ भी ना आता हो. पर मैं खुद को किसी पंडित से कम नहीं समझता.
मरने के लिए मेरी अपनी योजनायें हैं. ऐसी नहीं जैसे योजना आयोग में होती हैं लम्बी और दीर्घकालिक. जिसमे मरने के लिए भी लम्बा इन्तजार करना पड़े और जब मरने का समय आये तो अगली योजना आ जाए. साधारण तौर पर तो सारे लोग मरते हैं. कुछ लोगों का दावा होता है की वो जब से पैदा हुए हैं घुट-घुट कर मरते रहे हैं. कुछ काम करते-करते, कुछ फाइल उलटते पलटते, कुछ झाड़ू बुहारू करते. कुछ अपनी लुगाइयों के डर से, जैसा की मैंने पहले कहा मैं उन लोगों में नहीं ही होना चाहता. अरे मरना ही है तो शान से मरो जैसे हाथी मरता है, मिलिट्री के घोड़े की तरह थोड़े ही मरना है पिछवाड़े गोली खाकर.
मेरे मरने से राष्ट्रिय शोक भले ही न हो पर रोड पर जाम जरुर लगे. बेवजह कुछ लोग हो हल्ला काटें कुछ जुलूस की शक्ल में नगाड़े बजाएं. ज्यादा न हो तो स्कूल में इस नाम की छुट्टी तो हो ही जाए. बच्चे मजे करें और स्टाफ भी मौन के बाद यह अहसास करे की जो कुछ हुआ यह एक सामान्य घटना थी. इससे हमारा कोई लेना देना नहीं था. अब ऐसा भी न हो जैसे प्रेमचंद के मरने पे हुआ था. किसी ने कहा मास्टर मर गया इसी गली में रहता था. अब मास्टर जैसे जीव पर कौन ध्यान देवे. पर यह सामान्य सच नहीं है अभी हाल फिलहाल बिहार प्रदेश में ऐसी घटना घटी, सरकार ने खूब ध्यान दिया. मास्टर मांग कर रहे थे की उन्हें चपरासी का वेतन दिया जाए. सरकार कह रही थी पहले अपने भीतर कुव्वत पैदा करो. अपनी पढाई-लिखाई सुधारो. जिन लोगों ने कभी कालेज का मुह भी ठीक से नहीं देखा उनके पास भी बड़ी-बड़ी डिग्रियां हैं. सरकार सब जानती है. उसे खोट के सारे रास्ते पता हैं. इस मामले में वह अपने से आगे किसी को बर्दाश्त नहीं कर सकती. उसे पता है किसकी नब्ज कब धडकती है. दर दर भटकने वालों को मुह क्या लगा लिया वो भी सरकारी दामाद होने की कल्पना करने लगे. सूचना का अधिकार मांगते हैं. उन्हें क्या पता सूचना आयुक्त सरकार का रिश्तेदार है और मान लो सूचना ले भी ली तो क्या उखाड़ लेंगे. उस सूचना की बत्ती बनाकर क्या उजाला फैलायेगे.
मरने के भी अपने फायदे हो सकते हैं यदि हम योजनाओं के साथ मरें. कभी कभी सोचता हूँ यदि मैं पुत्तर प्रदेश में कोई आला पुलिस अधिकारी होता तो कैसे मरता. मैं या तो किसी बाहुबली से पंगा लेता. उसे अपनी औकात दिखा देता की मैं पांच फुट चार इंच का निर्जीव इंसान नहीं. मेरी भुजाओं में वीर अब्दुल हमीद का खून दौड़ता है. सब कुछ तुम्हारे हिसाब से ही नहीं हो सकता. जहाँ मैं नौकर हूँ वहां तो प्रजातंत्र कायम करना पड़ेगा. आजादी के बासठ साल हो गए. अब तुम ठीक से राजा भी नहीं हो. बुआ जी की सारी बातें एकदम सही हो रही हैं. अब मैं मर भी जाता तो मेरी पत्नी मेरा वाला पद सरकार से मांगती. वैसे सरकार किसी भी हद तक जा सकती है अपने घर से कुछ थोड़े ही जा रहा है. वैसे सरकारी नौकरियों में बीस प्रतिशत से ज्यादा पद मृतक आश्रितों के हैं. उनमें से भी अधिकतर बाबुओं के लिए हैं. भला हुआ की मैं कोई दलित नहीं हूँ नहीं तो मेरी पत्नी के लिए चपरासी का पद आरक्षित होता. कुछ पद जाति के हिसाब से भी आरक्षित होते हैं जैसे ट्रेन में नीचे वाली वर्थ सीनीअर सिटिजन के लिए.
भगवान् जो करता है अच्छे के लिए करता है. अब जब मरने की योजना मन में आ ही गई है तो भगवान् को क्या दोष देना. अखबार पढ़ा तो बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा था दिल्ली में शीला के बेटी सुरक्षित नहीं. अजीब मामला है जब दिल्ली में उनकी बेटी ही सुरक्षित नहीं तो दूसरी बेतिओं का क्या होगा जो नार्थईस्ट से आई हैं. मन बिचलित था आज सुबह ही सोचा की थोड़ा टीवी देख लूँ शायद मरने के नये नमूने पता चले. लिपस्टिक में लिपटी हुई उद्घोषिका बता रही थीं की राहुल गाँधी शादी नहीं करना चाहते. मैं तो सुनकर दंग रह गया, आखिर कांग्रेस का क्या होगा. जिन लोगों ने शादियाँ नहीं की अक्सर उन्हें राज्यपाल बना दिया जाता है. इस दुर्घटना से तो प्रजातंत्र खतरे में पड जाएगा. आखिर कांग्रेस की विरासत कौन सम्हालेगा. जैसे अन्ना जी के अनशन का इस देश पर फर्क नहीं पड़ता तो मेरे मरने से ही दुनिया पलट जायेगी. कभी कभी अपने मन को कमजोर करके सोचता हूँ मरने से क्या होगा जीने की नई तरकीब ढूंढ़ता हूँ.

गुरुवार, 7 मार्च 2013

मगहर : नाचो न इजाडोरा

मगहर : नाचो न इजाडोरा: आज आठ मार्च है. यानी कि महिला दिवस.उन्हीं लोगों केलिए लिखी गई एक कविता ............... नाचो न इजाडोरा जिस धुन की तलाश में निकले हैं हम...

बुधवार, 27 फ़रवरी 2013

बड़ी उम्मीद से लिख रहा हूँ मैं


बड़ी उम्मीद से लिख रहा हूँ मैं

 

 

उसकी भी गुजारिश

जिसे तुमने अचानक मना कर दिया

गिलहरियाँ जिनको तुम्हारे साहचर्य से जीना था

 

उसे जिसे देख अनचाहे मुड़ गए तुम्हारे कदम

उसकी जिसकी आँखे उम्मीद से लाल हो गईं

वह जिसका कोई नहीं है तुम जानते हो

जिसका भेड़िया प्रश्न तुम्हारे आगे दुम हिलाता रहा

 

सदियों का संताप झेलनेवाले

गूंगों की भाषा बोलनेवाले पपीहे

जूठन खाने वाले जानवर

 

तुम्हारे जूते की मरम्मत करनेवाला मोची

तुम्हारे गाड़ी पर पोंछा लगाने वाला लड़का

तुम्हारे बेटियों को स्कूल ले जाने वाला रिक्शा

 

जिन्हें संसद की भाषा में लिखना था इतिहास

अनचाहे संविधान पर कर दिए हस्ताक्षर

 

वे सभी जो दलित वंचित पिछड़े हैं

जिनकी निगाहें इलाज का सपना तोड़ रहीं हैं

जो सर्दियों की रात में तारों से ताश खेलते हैं

 

जिनकी निगाहों में शिक्षा की सुई गोल घूमती है

सफ़ेद ग्लोब में जिनका घर नजर नहीं आता 

पांचसाला जादू जिनके आँचल में दम तोड़ देता है

 

तुम्हारे आसपास की प्रकृति, संरचना, बनावट, बुनावट

ठेले पर हिमालय बेचते बच्चे

देह का सौदा करती भूखी देहें

 

बड़ी उम्मीद से लिख रहा हूँ

उनके बारे में भी सोचना

जो तुम्हारा साहचर्य चाहते हैं

 

रविवार, 24 फ़रवरी 2013

मेरे ह्रदय में तुम्हारी प्रार्थना जीवित है


 
छोटे छोटे दुखों से हरी-भरी रातें

चहलकदमी करते दरवेश से तुम

आस्था का कुम्भ नहाकर लौटी मेरी देह

गुम हुई अर्थ की तलाश में गई मेरी आत्मा

और शायद वह कुछ जो बचा है मेरे भीतर

तुम्हें आवाज देते हैं 

 

वह आवाजें जो बधिया नहीं सकतीं

वे विचार जिनके डूबने से गुडुप की आवाज होती है

वह सपने जिनके मरने से हम मरते नहीं हैं

पर हार जाते हैं बिना लड़े युद्ध

तुम्हारा दिया हुआ बहुत कुछ है इस काया भीतर

जो इन सूखी अस्थियों को आधार देता है

 

अनगिनत रातों तक जागता हुआ मैं उनीदा सोया रहा हूँ

अनागत सेज पर बैठी हुई मेरी देह

बतियाती रही है ताउम्र तुमसे

कुछ था जिसे कहने के लिए बादल आते रहे थे

और जब बरसे थे तो भीतर तक भीग गया था मैं

 

बरक्श कुछ चीजें हैं, तुम्हारी पवित्र किताब में दर्ज

मैंने छूने का साहस नहीं किया

तुम सा बनने की बहुत कोशिश की मैंने

पर असफलता ने मेहनत करने की सीख दी

और कहा मैं तुम्हारे इशारे पर चलूँ

 

धूप तुम्हारे अच्छे के लिए है

कहा था एक दिन तुमने, मैंने धूप को धूनी बना लिया

अभी तक तपा रहा हूँ खुद को

उस बरगद की तरह, जिसने खुद को तपाया है

और अपने नीचे से एक नदी गुजरने दी है  

ओ मेरे दलित देवता मेरे सपने मरने मत देना

मेरी अंतिम साँसों तक बचाए रखना मेरा स्वत्व 

तुमने आघातों से लोहा ठण्डा किया है

मैं चाहता हूँ

मेरे भीतर जीवित रहे तुम्हारी प्रार्थना

गुरुवार, 21 फ़रवरी 2013

अयोध्या और मगहर के बीच


अयोध्या और मगहर के बीच फैली है एक काली रेखा
शुष्क किन्तु बजबजाती हुई
जैसी वैचारिक दूरी है मड़ई चमार और सुरजन पांडे के अहाते बीच
घिन और बदबू से सराबोर

दोनों की संस्कृतियों और सपनों में बुद्धिजीवियों सा तेवर
दोनों की कूट रेखाओं को पढ़ती हैं क्रूर सरकारें
समय और सन्दर्भ के अनुसार सूखते फफोले और
लपटों में जलती जिन्दा देहों की तरह राजनीति
करवट बैठती है अयोध्या में

प्रधानमंत्री का जुमला छोड़ता
राजाओं के पासे में अयोध्या फिर-फिर प्रासंगिक रहा है
चुनाओं के आने तक, चुनाओं के बाद
निरीहों को फासी तक ले जाता हुआ
शहर को शवदाह बनता हुआ, खुद पर थूकता हुआ

पत्थरों में कैद रामलला, समझते हैं राजनीति का व्याकरण
रोते हैं कभी-कभी अपने कृत कर्मों पर
बूढी आस्थाओं के डूब जाने से पहले

थरथराती है दीपक की लौ भीत एवं मद्धम
दूरियों को पाटने वाली राहें, पोंछती है पसीना
थके हुए पथिक डरते हुए भागते हैं
छांह बरसाती धूप के लिए ढूढ़ते हुए आसरा
डुगडुगी वाले बजाते हैं रौनक
सुखी हैं अयोध्यावासी खबर फैली है जाखन मुहल्ले में

अयोध्या के घाटों पर सर्कस करते पंडों की ध्वनि गूंजती है
काया का मार्जन करती निगाहें भोग में योग देखती हैं
मंत्र फूकते हुए सरयू रोती हैं खुद पर
भक्ति बेचती थुलथुल दुकाने, अट्टहास करती है
मूर्ख जनता की भोली आस्था पर

मगर शांत पड़ा है मगहर
वहां की जनता एक बदहवास नदी को छोड़कर
नहाती है कुवानों, मलती है उस की धूल
जैसे कबीर आज भी प्रासंगिक हों सनातन मगहर में
फकीरी का वृक्ष पाले
तिल-तिल मरने का ख्वाब सजाये हुए
वहां की प्रजा भीतर

मगहर चर्चा में नहीं रहता
खुद से डरा-डरा पहुँचता है राजधानी
एक डरे हुए दलित की तरह,
जिसका खेत छीन लिया है दबंगों ने
सवर्ण थाने में जिसकी रपट नहीं लिखता दरोगा
उल्टा चोरी के आरोप में कैद करता है उसकी आत्मा

मगहर अयोध्या के आइने में अपना अक्स देखता है
जैसे दाढ़ी का सफ़ेद बाल देखता है बूढायुवा